हमीरपुर में रिमझिम इस्पात में फिर हादसा, भट्ठी से निकली गर्म धातु की चपेट में आकर क्रेन चालक झुलसा
संवाददाता: दीपक सोनी
हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे के फैक्टरी एरिया में स्थित रिमझिम इस्पात लिमिटेड में एक बार फिर हादसा हो गया। गुरुवार सुबह स्क्रैप गलाने के दौरान भट्ठी से गर्म धातु का लावा लीक हो गया। इसकी चपेट में आने से क्रेन चालक रामकिशोर प्रजापति (57) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। हादसे के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पौने 12 बजे रिमझिम इस्पात में स्क्रैप गलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान भट्ठी से गर्म धातु का लावा जमीन पर गिरने लगा। उसी समय वहां से क्रेन लेकर गुजर रहे चालक रामकिशोर प्रजापति गर्म लावे की लपटों की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के तुरंत बाद घायल चालक को फैक्टरी परिसर स्थित क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया। हाईवे पर जाम के कारण जिला अस्पताल पहुंचने में देरी हुई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया।
स्क्रैप में भी लगी आग, मौके पर पहुंचे अधिकारी
भट्ठी से गर्म धातु लीक होने के बाद आसपास पड़े स्क्रैप में भी आग लग गई। आग पर पानी डालकर काबू पाया गया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ फायर रेहान और थानाध्यक्ष पवन कुमार पेटल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
रिमझिम इस्पात के निदेशक संजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि गर्म धातु की लपट की चपेट में आने से एक व्यक्ति झुलस गया है। वहीं, थानाध्यक्ष ने भी क्रेन चालक के घायल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल, हादसे में घायल क्रेन चालक का कानपुर में इलाज कराया जा रहा है। फैक्टरी में भट्ठी से गर्म धातु लीक होने के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर आधिकारिक जांच की जानकारी सामने आना बाकी है।
