हमीरपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर; चाचा-भतीजे की मौत, पांच घायल
संवाददाता: दीपक सोनी
हमीरपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा राठ कोतवाली क्षेत्र के धनोरी गांव के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मुस्करा थाना क्षेत्र के बंडवा गांव स्थित श्रीरामपुर डेरा निवासी सर्वेश पुत्र मथुरा अपने भतीजे अरविंद पुत्र करन सिंह के साथ महोबा जनपद के कुनहटा गांव अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान धनोरी गांव के पास राठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सर्वेश और अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक सर्वेश के भाई मुन्ना के मुताबिक, दोनों बाइक से अपनी बहन से मिलने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
बताया गया कि सर्वेश पांच भाइयों में सबसे बड़े थे, जबकि अरविंद छह भाइयों में से एक थे। चाचा-भतीजे की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
