बांदा के नरैनी में दो मासूम भाइयों की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
दो महीने पुरानी मारपीट की रंजिश बनी हत्या की वजह, छह और चार साल के भाइयों के शव गड्ढे में मिले थे
संवाददाता: विष्णु सिंह
बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विवेचना में करीब दो महीने पहले हुई मारपीट के बाद दोनों पक्षों के बीच पैदा हुई रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। मामले में नामजद चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, नंदवारा निवासी भवानीदीन, उसके बेटे अखिलेश, पत्नी श्यामलली, लम्बरी उर्फ रामप्रसाद और सुरेंद्र को शनिवार को पनगरा नहर पुलिया के पास हड़हा-कबौली मार्ग से गिरफ्तार किया गया।
पुरानी मारपीट के बाद बढ़ी थी रंजिश
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के अनुसार, करीब दो महीने पहले भवानीदीन पक्ष और बच्चों के पिता भईयाराम के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान अखिलेश की पत्नी के साथ भी मारपीट हुई थी। पुलिस के मुताबिक उस समय वह गर्भवती थी। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ गई थी।
पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया कि इसी खुन्नस में बच्चों के पिता को कथित तौर पर धमकी दी गई थी। मृतक बच्चों की मां ने भी पुलिस को दिए बयान में पुरानी धमकी का जिक्र किया था। महिला के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर उसके परिवार के वंश का नाश करने की धमकी दी थी।
30 सितंबर को गड्ढे में मिले थे दोनों भाइयों के शव
30 सितंबर को छह वर्षीय मनोज और चार वर्षीय युवराज के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। परिवार और ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के पास पानी भरे गड्ढे में दोनों बच्चों के शव मिले।
घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया था।
नौ लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
मृतक बच्चों के पिता भईयाराम की तहरीर पर एक अक्टूबर को नौ लोगों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई तेज
एएसपी शिवराज के अनुसार, विवेचना के दौरान सामने आए प्रथमदृष्टया साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सामने आए सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
