हमीरपुर के चंडौत गांव में 50 किसानों को निःशुल्क वितरित किए गए सरसों की उन्नत किस्म के बीज
संवाददाता: दीपक सोनी
हमीरपुर। किसानों को उन्नत खेती के प्रति जागरूक करने और फसल उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र कुरारा की ओर से सरीला क्षेत्र के ग्राम चंडौत में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में गांव के 50 किसानों को सरसों की सुरेखा प्रजाति के बीज निःशुल्क वितरित किए गए।इस दौरान कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसपी सोनकर ने किसानों को सरसों की बुवाई, फसल की देखभाल, प्रबंधन और बेहतर पैदावार प्राप्त करने के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने और वैज्ञानिक विधि से खेती करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ ही सरसों की बेहतर खेती के लिए जरूरी जानकारियां भी दी गईं। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महिपाल सिंह, मंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
