Tuesday, November 3, 2026

भारी बारिश के बीच एक्शन में DM, आपदा कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण

संवाददाता: दीपक सोनी

हमीरपुर। वर्तमान में हो रही वर्षा एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी हमीरपुर अशोक कुमार ने आज कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रकोष्ठ/कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह सक्रिय एवं अलर्ट रहने के निर्देश देते हुए कहा कि भारी वर्षा अथवा किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में पूरे जनपद पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी घटना की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल उसका संज्ञान लेकर आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।जिलाधिकारी ने आमजन की सुविधा एवं त्वरित सहायता के लिए आपदा कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 9454416001 जारी किया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि भारी वर्षा के दौरान मकान क्षति, जनहानि, पशु हानि, जलभराव अथवा किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल उक्त कंट्रोल रूम नंबर पर दें, ताकि प्रभावित व्यक्तियों तक आवश्यक राहत एवं सहायता शीघ्र पहुंचाई जा सके।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में तैनात लेखपालों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि यदि कोई परिवार जर्जर भवन अथवा कच्चे मकान में निवास कर रहा है और वहां दुर्घटना की संभावना है, तो ऐसे परिवारों को समय रहते चिन्हित कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में कतई विलंब न हो तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली सूचनाओं को तत्काल दर्ज करने, संबंधित अधिकारियों को समय से अवगत कराने तथा की गई कार्रवाई की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम की परिस्थितियों में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, आपदा विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📢 इस खबर को शेयर करें / Share This News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

💬 WhatsApp