Tuesday, November 3, 2026

सरीला में निकले जवारे, सांग छिदवाकर भक्तों ने दिखाई आस्था

ढोल-नगाड़ों और माता के भक्ति गीतों के बीच निकला जवारों का जुलूस, नंदे तालाब में हुआ विसर्जन।

संवाददाता दीपक सोनी

हमीरपुर। शारदीय नवरात्र की नवमी पर सरीला कस्बे में परंपरागत रूप से जवारों का जुलूस निकाला गया। जुलूस में श्रद्धालु माता की भक्ति में सराबोर नजर आए। महिलाओं ने सिर पर खप्पर रखकर भ्रमण किया, जबकि बुजुर्ग ढोलक और झांझ की थाप पर माता के भक्ति गीत गाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान कई भक्तों ने अपने गालों में सांग छिदवाकर आस्था का प्रदर्शन किया और माता के भजनों पर जमकर झूमे।
जवारों का जुलूस गुरुदेवपुरा से शुरू होकर हटवारा, कारगदेव स्थान और बड़ी माता मंदिर होते हुए नंदे तालाब पहुंचा, जहां विधि-विधान से जवारों का विसर्जन किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस दौरान पंडा रघुवीर प्रजापति, रितिक और गया प्रसाद सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

📢 इस खबर को शेयर करें / Share This News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

💬 WhatsApp