हमीरपुर के नवागत जिलाधिकारी अशोक कुमार ने संभाला पदभार, कहा- जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता
संवाददाता: दीपक सोनी

हमीरपुर। जनपद हमीरपुर के नवागत जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने बुधवार को जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर सहित विभिन्न कार्यालयों और अनुभागों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू कराना और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा।जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर, महिला कल्याण विभाग, राजस्व अभिलेखागार (आरआरके), भूलेख तथा विभिन्न पटल एवं अनुभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा लंबित पत्रावलियों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
🔺2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं अशोक कुमार नवागत
जिलाधिकारी अशोक कुमार 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। सेवाकाल के दौरान उन्होंने शासन एवं प्रशासन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। वे शासन के विभिन्न विभागों में कार्य करने के अलावा गोंडा और फिरोजाबाद में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक पदों पर कार्य कर चुके हैं।
🔺आईजीआरएस और जनसुनवाई के निस्तारण पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार और अन्य पटल पर पत्रावलियों एवं रजिस्टरों के व्यवस्थित रख-रखाव पर जोर दिया। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।आईजीआरएस और जनसुनवाई पटल का निरीक्षण करते हुए डीएम ने कहा कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।अभिलेखों के रख-रखाव को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने इन्वेंट्री और रिकॉर्ड्स के ऑनलाइन डिजिटलीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
🔺सुबह 10 से शाम 5 बजे तक फरियादी मिल सकेंगे
कलेक्ट्रेट सभागार में वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा और प्रत्येक व्यक्ति के जायज कार्य को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कराने का प्रयास रहेगा।डीएम ने बताया कि प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक कोई भी फरियादी अपनी समस्या लेकर उनसे मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बाईपास, स्वास्थ्य और NH-34 दुर्घटनाओं का मुद्दा उठा
प्रेस वार्ता में पत्रकारों ने जनपद के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को जिलाधिकारी के सामने रखा। इनमें बाईपास निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, बारिश से हुए नुकसान का सर्वेक्षण सहित अन्य समस्याएं शामिल रहीं।जिलाधिकारी ने संबंधित विषयों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा जरूरत के अनुसार स्थलीय स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
🔺अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्त रुख
खनन और ओवरलोडिंग के संबंध में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।सड़कों की स्थिति और मरम्मत को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर काम किया जाएगा।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, कोषाधिकारी अंकिता सिंह, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
