लोन दिलाने के बहाने महिलाओं की KYC से खेल ! हमीरपुर में सिम फार्मिंग गिरोह का खुलासा
हरियाणा तक फैला था सिम फार्मिंग का नेटवर्क, हमीरपुर पुलिस ने सरगना को दबोचा
संवाददाता: दीपक सोनी
हमीरपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम हमीरपुर पुलिस ने कूटरचित ई-केवाईसी के जरिए बड़ी संख्या में सिम कार्ड एक्टिवेट कराकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले गिरोह के कथित सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 37 सिम कार्ड, दो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना साइबर क्राइम में 21 अगस्त और 25 अगस्त 2026 को प्राप्त तहरीरों के आधार पर अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देश पर मामलों के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
इसी क्रम में 23 सितंबर 2026 को साइबर क्राइम पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर राहुल यादव पुत्र बीर सिंह, निवासी ग्राम ददरी, थाना राठ, हमीरपुर को कोतवाली नगर क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया।
महिलाओं की जानकारी का दुरुपयोग कर एक्टिवेट कराते थे सिम
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य फर्जी अथवा कूटरचित ई-केवाईसी के माध्यम से अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर सिम कार्ड एक्टिवेट कराते थे। आरोप है कि समूहों में लोन लेने वाली महिलाओं को केवाईसी अपडेट कराने के बहाने उनकी जानकारी के बिना उनके नाम पर सिम कार्ड एक्टिवेट किए जाते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों के नाम पर पीओएस आईडी बनवाकर अलग-अलग लोगों के नाम से बड़ी संख्या में सिम एक्टिवेट कराए जाते थे। इस काम में गिरफ्तार आरोपी के साथ विक्रान्त सिंह, दीपक कुमार और संजय साहू की भूमिका सामने आई है।
हरियाणा समेत अन्य राज्यों के साइबर अपराधियों को बेचते थे सिम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राहुल यादव ने बताया कि वह गिरोह को संचालित करता था और फर्जी तरीके से एक्टिवेट कराए गए सिम कार्ड हरियाणा समेत अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। आरोपी के अनुसार अब तक करीब 400 से 500 सिम कार्ड एक्टिवेट कराए जा चुके हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गिरोह द्वारा एक्टिवेट कराए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में साइबर अपराधों में किया गया है। पुलिस अब इन सिम कार्डों के उपयोग, उनसे जुड़े लोगों और साइबर अपराधों में उनकी भूमिका की तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
कई आरोपी पहले से जेल में
पुलिस के अनुसार, संबंधित मुकदमों में अभियुक्त विक्रान्त सिंह और दीपक कुमार, जबकि थाना सुमेरपुर में दर्ज मुकदमे से संबंधित अभियुक्त संजय साहू पहले से न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार हमीरपुर में निरुद्ध हैं।
गिरफ्तार आरोपी राहुल यादव के खिलाफ संबंधित मुकदमों में बीएनएस, टेलीकॉम एक्ट और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी:
- 37 सिम कार्ड
- 02 मोबाइल फोन
- ₹600 नकद
गिरफ्तारी: कोतवाली नगर, हमीरपुर
पुलिस टीम: साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार, निरीक्षक भरत कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन शर्मा, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक कृष्णदेव त्रिपाठी, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत सिंह समेत साइबर क्राइम, साइबर सेल और एसओजी की टीम शामिल रही।
