दीपावली पर हमीरपुर के 1.60 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को बड़ी राहत, खातों में भेजे गए 10.36 करोड़ रुपये
संवाददाता: दीपक सोनी
हमीरपुर। दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा देने के लिए सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति मौजूद रहे। लखनऊ के लोक भवन सभागार से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को 1,500 करोड़ रुपये की गैस रिफिल सब्सिडी वितरित की।इस योजना के तहत जनपद हमीरपुर के 1,60,867 उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 10 करोड़ 36 लाख 46 हजार 608 रुपये की धनराशि अंतरित की गई। इससे पात्र परिवारों को दीपावली पर गैस सिलेंडर रिफिल कराने में आर्थिक सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर और सब्सिडी के डेमो चेक वितरित किए।नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने अतिथियों और उपस्थित महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों की महिलाओं को पारंपरिक ईंधन के धुएं से राहत दिलाने और उनके स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार लाने की महत्वपूर्ण पहल है।सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार गरीबों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर गैस रिफिल सब्सिडी का लाभ देना महिला सशक्तीकरण और गरीब परिवारों को राहत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में सब्सिडी भेजी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, उज्ज्वला योजना के जिला नोडल अधिकारी हर्ष गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक और बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी मौजूद रहीं।
