हमीरपुर पहुंचे दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह, कृषि विभाग की समीक्षा में किसानों के हित में दिए निर्देश; 172 गोशालाओं में संरक्षित हैं 22,346 गोवंश
संवाददाता: दीपक सोनी
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं प्रभारी दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने मंगलवार को हमीरपुर पहुंचकर कृषि एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक की। विकास भवन कुछेछा स्थित कलकप वृक्ष सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने किसानों से जुड़ी योजनाओं, समस्याओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, विद्युत, सिंचाई, सहकारिता, उद्यान और वन विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी। राज्यमंत्री ने सब्जी मंडी में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए मंडी सचिव को निर्देश दिए कि प्रतिदिन सब्जियों के भाव रेट बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही बाजार में खरीदी जाने वाली सब्जियों की दर से अधिकतम 25 प्रतिशत मूल्य पर ही बिक्री सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि आम लोगों को भी उचित दर पर सब्जियां मिल सकें।पशुपालन विभाग ने बताया कि जनपद की 172 गोशालाओं में कुल 22,346 गोवंश संरक्षित हैं और उनके भरण-पोषण के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था है। राज्यमंत्री ने गोवंश के बेहतर संरक्षण और देखभाल के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान एवं वन विभाग को प्रत्येक गोशाला में कम से कम दो छायादार वृक्ष लगाने को कहा। बैठक में लघु सिंचाई विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए 392 बोरिंग कार्यों और भूमि संरक्षण विभाग द्वारा निर्मित 212 खेत तालाबों की जानकारी भी दी गई।इस दौरान कृषि रक्षा विभाग के माध्यम से ग्राम कलौलीतीर निवासी किसान रामबाबू पुत्र गिरजा शंकर को येलो स्टिकी ट्रैप और किसान श्यामबाबू पुत्र गिरजा शंकर को सोलर लाइट ट्रैप वितरित किया गया। इन उपकरणों के जरिए किसानों को फसलों में कीट नियंत्रण के आधुनिक उपाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।समीक्षा बैठक के बाद राज्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि जनपद की गोशालाओं में संरक्षित 22,346 गोवंश के स्वास्थ्य, भोजन और देखभाल की लगातार निगरानी की जा रही है। बुंदेलखंड परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मंडी के संबंध में उन्होंने कहा कि इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा कराकर क्रियाशील कराया जाएगा, जिससे किसानों को अपनी उपज के विपणन की बेहतर सुविधा मिल सके।राज्यमंत्री ने खाद की उपलब्धता पर कहा कि जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। निजी और सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध है तथा किसानों को निर्धारित दरों पर ही उर्वरक वितरित कराया जा रहा है। वहीं, महोबा में कृषि विभाग के कर्मचारी के साथ हुई घटना को लेकर कुछ लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि असंवैधानिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ शासन स्तर से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।प्रेस वार्ता के बाद राज्यमंत्री ने कुरारा विकासखंड स्थित मेसर्स हमीरदेव फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के उर्वरक विक्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीओएस मशीन में दर्ज उर्वरक स्टॉक का केंद्र पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक से मिलान कराया गया, जो सही पाया गया। निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
